नगर पंचायत मल्हार में बेजा कब्जा हटाने की कार्रवाई जोरों पर, ऐतिहासिक नगरी को सुंदर बनाने की कवायद
गणेशदत्त राजू तिवारी की खास रिपोर्ट
मल्हार। ऐतिहासिक और पुरातात्विक नगरी मल्हार को उसके मूल स्वरूप में लौटाने और शहर को सुंदर बनाने के लिए नगर पंचायत प्रशासन ने कमर कस ली है। नगर पंचायत मल्हार के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) अनुभव सिंह के नेतृत्व में इन दिनों पूरे शहर में बेजा कब्जा (अतिक्रमण) हटाने की प्रशासनिक कार्रवाई जोरों पर चल रही है। सालों से सड़कों और सार्वजनिक जमीनों पर काबिज अतिक्रमणकारियों के खिलाफ प्रशासन का पीला पंजा लगातार गरज रहा है।

जनप्रतिनिधियों और जनता का मिल रहा भरपूर सहयोग
इस विशेष मुहिम की खास बात यह है कि इसे किसी विरोध का सामना नहीं करना पड़ रहा है, बल्कि समाज के हर वर्ग का साथ मिल रहा है। इस कार्रवाई में नगर पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षदों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का प्रशासन को भरपूर सहयोग मिल रहा है। वहीं, मल्हार को एक सुंदर और व्यवस्थित शहर के रूप में देखने के लिए नगरवासी भी स्वतः स्फूर्त होकर इस मुहिम में मदद कर रहे हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, मुस्तैद रही पुलिस टीम
कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन की टीम बेहद सक्रिय नजर आई। मस्तुरी थाना प्रभारी (टी आई ) कपिल देव चंद्रा एवं मल्हार चौकी प्रभारी अवधेश सिंह अपनी पूरी टीम के साथ मौके पर डटे रहे। पुलिस अधिकारियों और बल की इस मुस्तैदी की वजह से पूरी प्रशासनिक कार्रवाई बेहद निष्पक्ष, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रही है, जिससे यातायात बाधित करने वाले अवैध निर्माणों को तेजी से साफ किया जा रहा है।
ऐतिहासिक नगरी के अनुरूप निखरेगा मल्हार
सीएमओ अनुभव सिंह ने बताया कि मल्हार एक ऐतिहासिक नगरी है, जहां देश-विदेश से पर्यटक आते हैं। सालों से किए गए अवैध कब्जों के कारण शहर की सुंदरता प्रभावित हो रही थी और राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य शहर को अतिक्रमण मुक्त कर मल्हार की ऐतिहासिक पहचान के अनुरूप उसे सुंदर, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाना है। प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और पुलिस के इस साझा व सकारात्मक प्रयास से नगरवासियों में काफी हर्ष का माहौल है।

