गणेशदत्त राजू तिवारी की रिपोर्ट
मल्हार। लगातार बारिश और ठंड के कारण नगर पंचायत मल्हार के पशु स्थल में रखे मवेशियों की स्थिति गंभीर हो गई है। इनमें से सात मवेशियों की हालत अधिक खराब होने पर उन्हें डिडिनेश्वरी परिसर में रखकर विशेष उपचार किया जा रहा है। वहीं, अन्य मवेशियों को बारिश से बचाने के लिए मंगल भवन के शेड में सुरक्षित रखा गया है।
मवेशियों के उपचार और देखभाल के लिए मस्तुरी से पहुंची पशु चिकित्सा विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है। टीम में डॉ. आर.बी. चौरसिया, अतिरिक्त उपसंचालक एवं प्रभारी कृत्रिम गर्भाधान केंद्र मस्तुरी, तथा अजय प्रसाद पटेल, सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी शामिल हैं। ओमप्रकाश मिश्रा और जितेन्द्र यादव भी देखभाल में सहयोग कर रहे हैं। बीमार मवेशियों को ड्रिप और इंजेक्शन के माध्यम से उपचार दिया जा रहा है।
स्थानीय युवाओं ने भी संभाली जिम्मेदारी
इस संकट की घड़ी में नगर पंचायत मल्हार के स्थानीय युवा आकांक्षा कुमारी, अविनाश मिश्रा, सूरज सिंह और राजू तिवारी मवेशियों की सेवा में जुटे हैं। युवाओं ने मवेशियों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के साथ ठंड से बचाव के लिए आग तापने और सेंकाई की व्यवस्था की है।
लगातार बारिश और ठंड के बीच पशु चिकित्सा विभाग की टीम तथा स्थानीय युवाओं के संयुक्त प्रयास से मवेशियों को राहत पहुंचाने और उनकी जान बचाने की कोशिशें जारी हैं।
