Headlines

मल्हार में दिखी ईमानदारी और सेवा की अनूठी मिसाल; सूर्यांश ने लौटाया पैसों से भरा पर्स, डॉ. गुप्ता ने गौशाला को दान किया पैरा

गणेशदत्त राजू तिवारी कि रिपोर्ट
मल्हार: वर्तमान दौर में जहाँ लोग स्वार्थ की ओर भाग रहे हैं, वहीं नगर में ईमानदारी और जीव-दया (गौ-सेवा) की दो अलग-अलग प्रेरक मिसालें सामने आई हैं, जिनकी पूरे क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।
पहली घटना: ईमानदारी की मिसाल
मिली जानकारी के अनुसार, मल्हार निवासी अमिताभ चतुर्वेदी का पर्स कहीं सड़क पर गिर गया था। यह पर्स प्रिंस जनरल स्टोर्स के संचालक सूर्यांश (प्रिंसु) गुप्ता को मिला। पर्स में नगद राशि, एटीएम कार्ड और कई महत्वपूर्ण जरूरी कागजात थे। सूर्यांश ने ईमानदारी का परिचय देते हुए बिना किसी देरी के पूरा पर्स अमिताभ चतुर्वेदी को सुरक्षित सौंप दिया। अपना खोया हुआ सामान वापस पाकर चतुर्वेदी ने गहरी प्रसन्नता व्यक्त की और सूर्यांश का आभार माना। सूर्यांश के इस कार्य की नगर के प्रबुद्ध जनों— डॉ. एस. एन. गुप्ता, रघुराज पांडे, महेंद्र देवांगन, गणेश दत्त राजू तिवारी, पंडित नरेश पांडेय और ओमप्रकाश पांडे ने भूरि-भूरि प्रशंसा की है। उन्होंने इसे समाज के लिए एक अनुकरणीय और प्रेरणादायक कदम बताया।
दूसरी घटना: गौ-सेवा का अनुकरणीय संकल्प
इसी तरह, नगर में सामाजिक सरोकार और पुण्य कार्य की एक और झलक देखने को मिली। सेवानिवृत्त प्रधान पाठक डॉ. एस. एन. गुप्ता ने गौशाला के लिए 10 झाल पैरा (कटिया) दान किया। उन्होंने यह चारा किसान सभा के अध्यक्ष गणेश दत्त राजू तिवारी को विधिवत सौंपा। इस अवसर पर प्रबुद्ध जनों ने कहा कि ‘गौ-सेवा का फल तत्काल फलदायी होता है’।
दान और सहयोग की अपील
मल्हार स्थित गौशाला में वर्तमान में चारे की व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए दाना, पैरा और हरा चारा प्रदान करने की निरंतर आवश्यकता है। किसानों अध्यक्ष गणेशदत्त राजू तिवारी ने क्षेत्र के आम जनों और व्यापारियों से अपील की है कि वे अपनी सामर्थ्य के अनुसार गौ-सेवा में योगदान दें ताकि बेसहारा मवेशियों की बेहतर देखभाल हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *