गणेशदत्त राजू तिवारी की रिपोर्ट
मल्हार : शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर नगर के प्रमुख धार्मिक व सांस्कृतिक केंद्र गुड़ी चौक में विराजित माता दुर्गा के पंडाल में इस वर्ष भी भक्ति का एक अनूठा और अलौकिक माहौल देखने को मिल रहा है। प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी नव युवा मंडल दुर्गा समिति द्वारा भव्य दुर्गा उत्सव का आयोजन किया गया है, जिसके तहत बीती रात एक शानदार और भव्य जगराता कार्यक्रम संपन्न हुआ।
इस संगीतमय जगराता में विशेष रूप से पहुँची प्रसिद्ध मलरहिया मानस जसगीत मंडली जुनवानी ने माता रानी की सेवा में एक से बढ़कर एक सुमधुर जसगीत और कर्णप्रिय भजनों की प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप, मंजीरों की खनक और श्रद्धालुओं द्वारा लगाए जा रहे माता के गगनभेदी जयकारों के बीच जसगीत मंडली की प्रस्तुतियों ने वहाँ उपस्थित सभी भक्तों का मन मोह लिया।
देर रात तक चले इस गरिमामयी कार्यक्रम में पूरा गुड़ी चौक क्षेत्र माता की भक्ति के अनूठे रंग में सराबोर रहा। जसगीतों के जादू और भक्ति रस से सराबोर माहौल में श्रद्धालु खुद को रोक नहीं पाए और पंडाल में ही झूमने पर मजबूर हो गए। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि नवरात्रि के दौरान आगे भी ऐसे धार्मिक अनुष्ठान और कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

