गणेशदत्त राजू तिवारी की रिपोर्ट
मस्तूरी: बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली क्लीन कोल कंपनी (गतौरा) में लोहे के सामानों की चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया लोहे का सामान और घटना में इस्तेमाल की गई हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल (CG 27 AR 2411) को जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
शराब पीते समय बनाया था चोरी का प्लान
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, क्लीन कोल कंपनी के मैनेजर हुलेश्वर राठौर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 14 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10 से 11 बजे के बीच कंपनी के यार्ड से कोई अज्ञात चोर 15,000 रुपये कीमत का पुराना लोहा, एंगल और चादर चोरी कर ले गया है। शिकायत के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 753/2026 के तहत बीएनएस (BNS) की धारा 305 (a) और 331(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर धरे गए आरोपी
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कर्रा का रहने वाला राजकुमार पटेल और उसका जीजा संतकुमार पटेल चोरी का लोहा बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में घूम रहे हैं। संदेह के आधार पर पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपियों ने बताया कि 14 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे वे मोटरसाइकिल से गतौरा शराब लेने गए थे। शराब पीते समय दोनों ने यार्ड में चोरी की योजना बनाई। इसके बाद रात करीब 8 बजे वे खेत के रास्ते फेसिंग तार तोड़कर अंदर घुसे और यार्ड से लोहा, एंगल, स्क्रैप, लोहे की चैन, पाइप और गाड़ी के पार्ट्स चोरी कर लिए। चोरी के इस सामान को उन्होंने कोलावाशरी रोड (गतौरा) की झाड़ियों में छिपाकर रख दिया था।
आरोपियों के नाम:
- संत कुमार पटेल (उम्र 32 वर्ष), निवासी: लावर डिपरापारा, थाना मस्तूरी
- राजकुमार पटेल (उम्र 28 वर्ष), निवासी: ग्राम दैहानपारा कर्रा, थाना मस्तूरी
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर छिपाया हुआ सारा सामान और मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। 16 अक्टूबर 2026 को दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
