मल्हार (बिलासपुर)। चरित्र पर लांछन लगाकर विवाद करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के मामले में मल्हार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जीजा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जा रहा है।
यह पूरा मामला मस्तूरी थाना क्षेत्र की मल्हार पुलिस चौकी का है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भगवानपाली निवासी 28 वर्षीय गीताराय ने वर्ष 2024 में अपनी मर्जी से सतीश कुमार राय से प्रेम विवाह किया था। बीते 18 अप्रैल 2026 की रात करीब 11:00 बजे गीता ने खुद को आग लगा ली थी, जिसके बाद अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी।
शादी समारोह में किया था विवाद
मर्ग जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतिका के मृत्यु पूर्व दिए गए बयानों से यह खुलासा हुआ कि घटना से कुछ दिन पहले गीता अपने पति के साथ ग्राम बरछा (मुंगेली) में अपने मामा के घर एक शादी समारोह में गई थी। वहां मृतिका के जीजा विनेत जोगी (44 वर्ष) ने उसके चरित्र पर कीचड़ उछाला और सबके सामने विवाद किया। इस अपमान और लांछन से गीता गहरे मानसिक तनाव में आ गई और उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।
पुलिस ने धारा 108 BNS के तहत की कार्रवाई
जांच में मिले पुख्ता सबूतों के आधार पर मल्हार पुलिस ने आरोपी विनेत जोगी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत मामला दर्ज किया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए मल्हार पुलिस ने आरोपी को 15 अक्टूबर 2026 की शाम गिरफ्तार कर लिया। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया जा रहा है।
चरित्र पर लांछन लगाने से तंग आकर महिला ने की खुदकुशी, आरोपी जीजा गिरफ्तार गणेशदत्त राजू तिवारी की खास रिपोर्ट
