Headlines

मस्तूरी पहुंचे पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, कार्यकर्ताओं में भरा जोश; कई नेताओं और परिवारों से की मुलाकात

गणेशदत्त राजू तिवारी कि रिपोर्ट

बिलासपुर (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टी.एस. सिंहदेव ने 24 अक्टूबर 2026 को मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बिना किसी बड़े औपचारिक मंच और लंबे भाषण के सीधे आम जनता, ग्रामीण परिवारों तथा स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उनके दौरे को क्षेत्र में कांग्रेस संगठन को मजबूती देने, कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर संवाद स्थापित करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

दर्रीघाट से दौरे की शुरुआत, जैतखाम में की पूजा-अर्चना

मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र पहुंचने पर दर्रीघाट के बाजार चौक में मस्तुरी कांग्रेस विधायक दिलीप लहरिया, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भोलाराम साहू,कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने टी.एस. सिंहदेव का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने बाबा साहब के जैतखाम में पूजा-अर्चना की और सामाजिक समानता का संदेश दिया। इसके बाद वे किरारी पहुंचे, जहां दिवंगत राहुल राय के निवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक-संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।

मस्तूरी में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात

किरारी के बाद टी.एस. सिंहदेव मस्तूरी पहुंचे। यहां जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह के कार्यालय, कांग्रेस कार्यालय सहारा परिसर में शंकर यादव तथा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भोलाराम साहू के निवास पर उनका फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर क्षेत्रीय गतिविधियों पर चर्चा की।

ऐतिहासिक नगरी मल्हार में मां डिडिनेश्वरी के किए दर्शन

मस्तूरी के बाद सिंहदेव ऐतिहासिक नगरी मल्हार पहुंचे। यहां उन्होंने मां डिडिनेश्वरी देवी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके पश्चात वे पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कौशल पांडेय के निवास पहुंचे, जहां परिजनों के साथ मल्हार क्षेत्र के कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से चर्चा की।

विधायक दिलीप लहरिया के निवास भी पहुंचे

अपने दौरे के दौरान टी.एस. सिंहदेव मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया के निवास पहुंचे। यहां उन्होंने परिवारजनों से मुलाकात की, स्वल्पाहार किया और क्षेत्रीय पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया। इसके बाद वे पाराघाट में वरिष्ठ कांग्रेस नेता संतोष दुबे के निवास भी पहुंचे और उनसे मुलाकात की।

पूरे दौरे के दौरान मस्तूरी ब्लॉक के विभिन्न स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गाजे-बाजे, गजमालाओं, फूल-मालाओं और आतिशबाजी के साथ सिंहदेव का स्वागत किया। जगह-जगह हुए स्वागत कार्यक्रमों में स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन शामिल हुए।

कार्यकर्ताओं के बीच सीधे संवाद को बताया सुखद अनुभव

चर्चा के दौरान टी.एस. सिंहदेव ने बताया कि उनके जनता और कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचकर बिना किसी औपचारिकता के सीधे संवाद करना बेहद सुखद अनुभव रहा।

उनका यह दौरा स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संपर्क मजबूत करने और क्षेत्रीय नेताओं के साथ संवाद स्थापित करने के लिहाज से अहम रहा। दौरे के दौरान विभिन्न स्थानों पर मिले स्वागत और कार्यकर्ताओं की भागीदारी ने क्षेत्र में कांग्रेस की स्थानीय गतिविधियों को चर्चा में ला दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *