नगर पंचायत मारो में महात्मा गांधी जयंती पर विशेष स्वच्छता अभियान, मावली माता मंदिर और कार्यालय परिसर की हुई साफ-सफाईगणेशदत्त राजू तिवारी की रिपोर्ट

मारो: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती (2 अक्टूबर 2026) के गरिमामय अवसर पर आज नगर पंचायत मारो में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनीष सिंह के नेतृत्व में नगर पंचायत प्रशासन और कर्मचारियों ने वार्ड क्रमांक 15 स्थित प्रसिद्ध मावली माता मंदिर एवं कार्यालय परिसर में सघन सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया।

अभियान के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनीष सिंह ने स्वयं उपस्थित रहकर साफ-सफाई कार्य का निरीक्षण किया और श्रमदान किया। उन्होंने मंदिर परिसर के कोने-कोने और कार्यालय के आसपास जमी गंदगी को साफ कराया।
इस अवसर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनीष सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी जी का जीवन और उनके विचार हमें स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा देते हैं। गांधी जी का मानना था कि ‘स्वच्छता स्वतंत्रता से भी अधिक महत्वपूर्ण है।’ इसी मूलमंत्र को आत्मसात करते हुए आज नगर पंचायत मारो के वार्ड क्रमांक 15 में यह अभियान चलाया गया है। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे अपने आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखें और नगर को सुंदर बनाने में अपना सहयोग दें।
इस स्वच्छता अभियान में नगर पंचायत मारो के अधिकारी, कर्मचारी, वार्ड के प्रबुद्ध नागरिक और सफाई मित्र भारी संख्या में शामिल रहे, जिन्होंने पूरे उत्साह के साथ परिसर को स्वच्छ और सुंदर बनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *